मिरिक: गोर्खा जनमुक्ति युवा मोर्चा ने रीवा लामा की गिरफ्तारी को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। युवा मोर्चा के केंद्रीय सांगठनिक सचिव अभिषेक श्रेष्ठ ने बयान जारी कर पूरे मामले में पारदर्शिता और स्पष्ट जवाब की मांग की है।
श्रेष्ठ ने कहा कि दार्जिलिंग के विधायक नोमान राई ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि वह बचपन से रीवा लामा के मित्र हैं। रीवा लामा भी उनकी अच्छी मित्र हैं। ऐसे में कॉफी पर हुई सामान्य मुलाकात और बातचीत को असामान्य घटना के रूप में पेश किए जाने पर उन्होंने सवाल उठाया।
उन्होंने पूछा कि वर्ष 2024 में दर्ज शिकायत पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई और अचानक अब गिरफ्तारी की कार्रवाई क्यों की गई? विधायक नोमान राई की मौजूदगी में रीवा लामा को गिरफ्तार करने की क्या आवश्यकता थी? जब उनके फरार होने की कोई आशंका नहीं थी, तो क्या गिरफ्तारी के बजाय उन्हें जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी नहीं किया जा सकता था?
श्रेष्ठ ने कहा कि इन परिस्थितियों ने कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि विधायक नोमान राई की ईमानदार और निष्पक्ष कार्यशैली से परेशान कुछ लोग उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने याद दिलाया कि नोमान राई केवल विधायक ही नहीं, बल्कि गोर्खा जनमुक्ति युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी हैं। पूरी युवा जमात अपने ईमानदार अध्यक्ष के साथ मजबूती से खड़ी है।
श्रेष्ठ ने कहा कि युवा मोर्चा पारदर्शिता, निष्पक्षता और न्याय में विश्वास रखता है। जनता को अटकलों के बजाय स्पष्ट जवाब मिलने चाहिए। किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से चरित्र हनन की राजनीति के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।