नदी के जलस्तर को देखते ग्रामीण 
सिलीगुड़ी

संकोष नदी का बढ़ता जलस्तर, कटाव से ग्रामीणों में दहशत

तेज बहाव के कारण नदी किनारे की जमीन तेजी से कट रही है और कटाव बस्ती की ओर बढ़ रहा है

सन्मार्ग संवाददाता, अलीपुरदुआर: भूटान के पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बारिश के बीच अलीपुरदुआर जिले में संकोष नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ तेज कटाव ने संकोष वन बस्ती के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। नदी किनारे लगातार उपजाऊ जमीन कटकर पानी में समा रही है और अब कटाव धीरे-धीरे गांव की ओर बढ़ने लगा है। इससे यहां रहने वाले सैकड़ों परिवारों पर खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से संकोष नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। तेज बहाव के कारण नदी किनारे की मिट्टी तेजी से कट रही है। कई स्थानों पर उपजाऊ जमीन नदी में समा चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कटाव अब धीरे-धीरे बस्ती की ओर बढ़ रहा है, जिससे घरों और आसपास के इलाकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। नदी किनारे रहने वाले परिवार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

बांस की खांचियों से कटाव रोकने की कोशिश

कटाव को रोकने के लिए ग्रामीण अपने स्तर पर बांस की खांचियां तैयार कर उन्हें नदी किनारे लगाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी का बहाव और पानी का दबाव इतना अधिक है कि कई जगहों पर बांस की खांचियां भी बह जा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सीमित संसाधनों के सहारे किए जा रहे इन प्रयासों से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। ग्रामीणों के मुताबिक, संकोष वन बस्ती को सुरक्षित रखने के लिए करीब तीन किलोमीटर लंबे बांध का निर्माण जरूरी है। इस मांग को लेकर वे लंबे समय से प्रशासन और सरकार का ध्यान आकर्षित करते आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी किनारे स्थायी बांध बनने से कटाव पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है और बस्ती के लोगों को भविष्य के खतरे से राहत मिल सकती है।

टेंडर के बाद भी शुरू नहीं हुआ काम

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछली सरकार के कार्यकाल में बांध निर्माण के लिए टेंडर भी जारी किया गया था, लेकिन किसी कारणवश अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बांध का निर्माण शुरू हो जाता, तो मौजूदा स्थिति में उन्हें इस तरह के खतरे का सामना नहीं करना पड़ता। अब ग्रामीण प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आपातकालीन कटावरोधी कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि जब तक कटावरोधी कार्य वास्तव में जमीन पर शुरू नहीं होता, तब तक उनकी चिंता दूर नहीं होगी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल आवश्यक सामग्री और संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि संकोष वन बस्ती को नदी के बढ़ते खतरे से बचाने के लिए तत्काल कटावरोधी कार्य शुरू करने के साथ लंबे समय से लंबित स्थायी बांध निर्माण की मांग भी पूरी की जानी चाहिए। इससे बस्ती और यहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।

SCROLL FOR NEXT