traffic  
सिलीगुड़ी

ईस्टर्न बाईपास पर बढ़ते हादसों से दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमराई

- एक और मासूम की मौत के बाद लोगों में आक्रोश, ट्रैफिक पुलिस के इंतज़ाम सवालों के घेरे में

सिलीगुड़ी : ईस्टर्न बाईपास शहर की तेज रफ्तार ज़िंदगी को दिखाता रास्ता है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से यह मौत का हाईवे बनता जा रहा है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों के मन में भय का माहौल बना दिया है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक, हर उम्र के लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। शनिवार को भी एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों का सब्र टूट गया और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए। हादसे के बाद आशीघर सब ट्रैफिक गार्ड की पहल पर ईस्टर्न बाईपास पर बैरिकेड लगाए जरूर गए, लेकिन लोगों का कहना है कि यह केवल दिखावे भर है।

निगरानी का भारी अभाव

स्थानीय निवासियों ने शिकायत की है कि बाईपास के कई मोड़ों पर ट्रैफिक कर्मचारी तैनात जरूर दिखाई देते हैं, लेकिन पूरे बाईपास पर निगरानी का कोई ठोस इंतज़ाम नहीं है। कई जगहों पर तो गाड़ियां उल्टी दिशा से बिना रोक-टोक आ रही हैं, जिससे हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। ट्रैफिक पॉइंट बने हुए हैं, लेकिन वहाँ अधिकतर समय कोई पुलिस इंचार्ज मौजूद नहीं होता।

अवैध पार्किंग से और बढ़ रही समस्या

सड़क के किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है। इससे न सिर्फ ट्रैफिक जाम होता है बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी दोगुनी हो जाती है। हादसे के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में जरूर आता है, लेकिन कुछ ही घंटों में स्थिति फिर से पहले जैसी हो जाती है, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।

रविवार सुबह ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई

लगातार हो रही घटनाओं के बीच रविवार की सुबह ट्रैफिक विभाग ने थोड़ी सक्रियता दिखाते हुए डंपिंग ग्राउंड मोड़ पर विशेष अभियान चलाया। स्पीड गन की मदद से तेज रफ्तार गाड़ियों को रोका गया और उन पर चालान किया गया। इसके अलावा, बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल एक-दो दिन की कार्रवाई से कुछ नहीं होगा। उन्हें स्थायी समाधान चाहिए। नियत समय पर तैनात ट्रैफिक पुलिस, फंक्शनल ट्रैफिक पॉइंट, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और उल्टी दिशा में आने वाले वाहनों पर सख्त रोक।

SCROLL FOR NEXT