गंगटोक: सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर से बुधवार को लोकभवन में भारतीय वन सेवा एवं विभिन्न राज्य वन सेवाओं के 1982-83 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने सपरिवार शिष्टाचार भेंट की।
राजस्थान, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से आए अधिकारियों की यह 11वीं सामूहिक यात्रा है। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को अपनी यात्रा के उद्देश्य और विभिन्न राज्यों में सेवाकाल के बावजूद चार दशकों से अधिक समय से आपसी संपर्क बनाए रखने की जानकारी दी।
राज्यपाल ने लंबे समय बाद भी आपसी संबंध और संपर्क बनाए रखने के लिए बैच के अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्षों बाद एक साथ मिलना, अनुभव साझा करना और सामूहिक रूप से यात्रा करना अपने आप में एक अनूठी मिसाल है, जो दूसरों के लिए भी प्रेरणादायक है।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी 11 सामूहिक यात्राओं में यह पहला अवसर है, जब उन्हें किसी राज्य के राज्यपाल से मिलने का अवसर प्राप्त हुआ।