इस्लामपुर : इस्लामपुर कोर्ट ने सिविक वॉलंटियर शाकिब अख्तर हत्याकांड की दोबारा जांच का आदेश दिया है। कोर्ट के इस आदेश के बाद इस्लामपुर के माटीकुंडा इलाके में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। लंबे समय बाद मामले की जांच नए सिरे से शुरू होने के आदेश से मृतक के परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है। गौरतलब है कि 8 मार्च 2023 की शाम इस्लामपुर के माटीकुंडा इलाके में राजनीतिक झड़प के दौरान सिविक वॉलंटियर शाकिब अख्तर की उनके ही घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था और इस मामले को लेकर पूरे राज्य में भी चर्चा हुई थी। मृतक के परिवार के अनुसार, घटना के बाद इस्लामपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी।
परिवार का दावा है कि शुरुआती चार्जशीट में कुल 32 लोगों के नाम थे। इनमें इस्लामपुर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के तत्कालीन सभापति जाकिर हुसैन का नाम 30वें नंबर पर था। हालांकि, बाद में पुलिस की ओर से कोर्ट में दाखिल की गई चार्जशीट में उनका नाम शामिल नहीं किया गया। इसे लेकर परिवार ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे। परिवार ने घटना की निष्पक्ष जांच और वास्तविक दोषियों की पहचान की मांग को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। लंबी कानूनी लड़ाई के बाद कोर्ट ने मामले की नए सिरे से जांच का आदेश दिया है। मृतक के बड़े भाई शाहनवाज हुसैन ने कहा कि दोबारा जांच होने पर घटना से जुड़ी वास्तविक जानकारी सामने आने की उम्मीद है। उन्होंने दावा किया कि इससे दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ होगा।