गंगटोक : सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस २०२६ के अवसर पर सिक्किम के सभी पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए प्रेस की स्वतंत्रता, जिम्मेदारी और निष्पक्षता बेहद आवश्यक है।
एसडीएफ ने राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के भारी बहुमत और विपक्ष की अनुपस्थिति के कारण लोकतांत्रिक बहस एवं सरकार की जवाबदेही से जुड़े सवाल महत्वपूर्ण हो गए हैं। ऐसी परिस्थितियों में सरकार की नीतियों और कार्यों की समीक्षा करने तथा जनता की आवाज उठाने में प्रेस की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
पार्टी ने कहा कि पत्रकारिता केवल घटनाओं की रिपोर्टिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्याय को उजागर करने, सत्ता को जवाबदेह बनाने, जनमत तैयार करने और लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संस्थाओं की रक्षा करने में भी मीडिया की अहम भूमिका होती है। एसडीएफ ने पत्रकारों से बिना किसी बाहरी दबाव या प्रभाव के स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता जारी रखने तथा उच्च पत्रकारिता नैतिकता बनाए रखने का आग्रह किया।
एसडीएफ की प्रवक्ता योजना खालिंग राई द्वारा जारी वक्तव्य में कहा है कि एसडीएफ सरकार के २५ वर्षों के कार्यकाल के दौरान मीडिया जगत को मजबूत बनाने के लिए किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया गया। पार्टी के अनुसार, वरिष्ठ पत्रकारों के आजीवन योगदान को सम्मानित करने के लिए स्वर्गीय काशीराज प्रधान लाइफटाइम जर्नलिज्म अवार्ड शुरू किया गया था, जिसे पहली बार 2018 में चार वरिष्ठ पत्रकारों को प्रदान किया गया।
इसी तरह, वर्ष 2017 में वाई.एन. भंडारी अवार्ड फॉर एक्सीलेंस इन जर्नलिज्म की शुरुआत की गई थी। इसके अतिरिक्त पत्रकारों को प्रोत्साहित करने के लिए वार्षिक पॉजिटिव जर्नलिज्म ग्रांट्स कार्यक्रम शुरू किया गया तथा मीडिया के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कैमरे और कंप्यूटर जैसे डिजिटल उपकरण भी उपलब्ध कराए गए।
अंत में एसडीएफ ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर सभी पत्रकारों को बधाई देते हुए उनसे स्वतंत्र पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने, निर्भीक एवं निष्पक्ष रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन करने और राज्य में लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।