दो गैंडे आमने-सामने 
सिलीगुड़ी

जलदापाड़ा जंगल में दो गैंडों की दुर्लभ भिड़ंत

अलीपुरदुआर: जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान के भीतर एक अद्भुत और रोमांचक दृश्य कैमरे में कैद हुई हैं, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान के हलोंग नदी के किनारे दो एकशृंग गैंडे जिन्हें सामान्यतः शांत स्वभाव का माना जाता है, लेकिन अचानक आमने-सामने आ गए और शक्ति प्रदर्शन करने लगे। दृश्य के अनुसार, एक गैंडा नदी के बीच खड़े होकर पानी पी रहा था, जबकि दूसरा कुछ दूरी पर तट पर घास चर रहा था। अचानक घास खा रहा गैंडा अपना भोजन छोड़कर पूरी ताकत से नदी में खड़े गैंडे की ओर तेजी से बढ़ा। हालांकि किसी तरह की हिंसक भिड़ंत नहीं हुई, लेकिन दोनों के बीच शक्ति प्रदर्शन का यह तनावपूर्ण क्षण देखने लायक था। वनकर्मियों के अनुसार, यह बेहद दुर्लभ दृश्य है और संभवतः दोनों ही गैंडे नर थे। जंगल में इस तरह का व्यवहार अक्सर वर्चस्व स्थापित करने या क्षेत्र की सीमाओं को लेकर देखा जाता है।

ऐसे अवसर कम ही मिलते हैं जब दो शक्तिशाली एकशृंग गैंडे खुले में एक-दूसरे के सामने आते हैं। गौरतलब है कि जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान, असम के काज़ीरंगा के बाद भारत में एकशृंग गैंडों की सर्वाधिक आबादी का ठिकाना है। यही वजह है कि यह राष्ट्रीय उद्यान वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के बीच अत्यंत लोकप्रिय है। विशालकाय एकशृंग गैंडों के अलावा यहाँ हाथी, तेंदुआ, हिरण, बायसन और अनेक दुर्लभ प्राणियों का एवं पक्षियों की प्रजातियाँ भी देखने को मिलती हैं। लम्बे ‘ ग्रास’ वाली सवाना जैसी भूमि इस उद्यान को प्राकृतिक रूप से बेहद समृद्ध बनाती है। इस अनोखे शक्ति प्रदर्शन को देखने के बाद वनकर्मी भी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि ऐसे दृश्य न केवल रोमांच बढ़ाते हैं, बल्कि गैंडों के स्वभाव, व्यवहार और उनके संरक्षण की जरूरतों को समझने में भी सहायता करते हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो लोगों में जंगली जीवन के प्रति जिज्ञासा और उत्साह और भी बढ़ा रहा है।

SCROLL FOR NEXT