सिलीगुड़ी

रन फॉर ग्रीन से गूंजा हरियाली संदेश

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बचाने का संदेश लेकर शनिवार सुबह सिलीगुड़ी में 10 किलोमीटर की ‘रन फॉर ग्रीन’ दौड़ आयोजित की गई। सिलीगुड़ी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एसआईटी) की ओर से आयोजित दौड़ सुबह 6 बजे बागाजतिन पार्क से शुरू होकर एसआईटी परिसर में समाप्त हुई। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।दौड़ को मोहन बागान के दिग्गज फुटबॉलर जोसे मार्सियो रामिरेज बारेतो ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर दार्जिलिंग जिले के यूथ आइकन दीपांकर अरोड़ा, खेलप्रेमी अरिंदम बनर्जी बाघाजतिन एथलेटिक क्लब के उपाध्यक्ष सिबनाथ गांगुली समेत एसआईटी के प्राचार्य डॉ. जॉयदीप दत्ता, उपप्राचार्य डॉ. अरुंधति चक्रवर्ती और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

आयोजकों के अनुसार, दौड़ का उद्देश्य लोगों को पौधरोपण, पेड़ों के संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के जरिए पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में मुकेश कुमार ने 28 मिनट 45.82 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। अर्जुन टुडू दूसरे और सूरज कुमार पाल तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में सोनी देवी ने 37 मिनट 53 सेकंड में पहला स्थान हासिल किया।एसआईटी परिसर में दौड़ के समापन पर प्रतिभागियों और आयोजकों में उत्साह रहा। आयोजकों ने लोगों से सिलीगुड़ी को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

SCROLL FOR NEXT