सिलीगुड़ी

राज्यपाल ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों संग मनाई दीपावली

Abhijit Dey

गंगटोक : सिक्किम के राज्यपाल दुष्यन्त गौतम ने आज रानीपुल स्थित वृद्धाश्रम का दौरा कर वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बुजुर्गों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनका कुशलक्षेम जाना।

राज्यपाल ने आश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों को मिठाइयां खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। इसके बदले बुजुर्गों ने उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने वरिष्ठ नागरिकों के जीवन अनुभवों को भी सुना।

बुजुर्गों को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर और मार्गदर्शक हैं। उनके चेहरे पर मुस्कान लाना तथा उन्हें समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा होने का एहसास कराना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

इस दौरान राज्यपाल ने आश्रम के संचालकों से वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, खान-पान और वरिष्ठ नागरिकों की दैनिक देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने आश्रम के संचालक एवं कर्मचारियों की निस्वार्थ सेवा भावना और समर्पण की सराहना की।

कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की सचिव श्रीमती सारिका प्रधान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त, राज्यपाल ने कांची कामाकोटी मंदिर का भी दौरा किया, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य के सभी नागरिकों की सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

SCROLL FOR NEXT