स्कूल परिसर में जल जमाव 
सिलीगुड़ी

बारिश ने खोली सरकारी स्कूलों की पोल, परीक्षा के दिन जलमग्न हुए परिसर

अलीपुरदुआर: सोमवार सुबह हुई हल्की बारिश ने अलीपुरदुआर शहर के दो सरकारी विद्यालयों की बदहाल व्यवस्था की तस्वीर सामने ला दी। शहर के मैक विलियम उच्च विद्यालय और न्यूटाउन गर्ल्स हाई स्कूल परिसर में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि सोमवार से दोनों विद्यालयों में परीक्षाएं शुरू हुई थीं। लेकिन बारिश के बाद स्कूल परिसर में हुए जलभराव के कारण विद्यार्थियों को निर्धारित समय से काफी देर बाद विद्यालय में प्रवेश मिल सका। कई छात्र-छात्राओं को मजबूरी में गंदे पानी के बीच से होकर कक्षाओं तक पहुंचना पड़ा। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब परीक्षा के दौरान स्कूल परिसर में जमा पानी के बीच एक सांप दिखाई दिया। सांप देखकर छात्रों में डर फैल गया और कई बच्चे चीखने लगे। उनकी आवाज सुनकर बाहर मौजूद अभिभावक स्कूल परिसर में पहुंचे और वहां की स्थिति देखकर नाराजगी जताई।अभिभावकों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर साल बारिश के मौसम में दोनों विद्यालयों में जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि न्यूटाउन गर्ल्स हाई स्कूल के सामने नाले के निर्माण का काम लंबे समय से अधूरा पड़ा है। अधूरे निर्माण के कारण पानी निकासी बाधित हो रही है और भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त जिला शासक दोनों विद्यालयों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने जलभराव और अन्य समस्याओं का जायजा लिया तथा आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी जाएगी, ताकि जल्द आवश्यक कदम उठाए जा सकें। बारिश के कुछ घंटों ने एक बार फिर सरकारी विद्यालयों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण समय में जब छात्र सुरक्षित माहौल में पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, तब अभिभावकों की निगाहें अब प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर टिकी हैं कि वे केवल आश्वासन देंगे या इस समस्या का स्थायी समाधान भी करेंगे।

SCROLL FOR NEXT