सिलीगुड़ी

पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष बलराम छेत्री का निधन

61 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर

Abhijit Dey

कर्सियांग : कर्सियांग नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी बलराम छेत्री का रविवार सुबह 61 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, दशहरा और भाईटीका के दौरान वे पूरी तरह स्वस्थ थे। शनिवार सुबह अचानक पेट दर्द और लीवर संबंधी समस्या होने पर उन्हें सिलीगुड़ी स्थित उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेहतर उपचार के लिए शनिवार शाम उन्हें प्रधाननगर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में स्थानांतरित किया गया, जहां उपचार के दौरान रविवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से कर्सियांग के सामाजिक, राजनीतिक और विभिन्न संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई है। वे अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। बलराम छेत्री विद्यार्थी जीवन से ही नेतृत्व क्षमता और समाजसेवा के प्रति रुचि रखने वाले व्यक्ति के रूप में पहचाने जाते थे। वे बेरोजगार संगठन से जुड़े थे और जनसाधारण सचेतना मंच के अध्यक्ष भी थे। राजनीतिक रूप से सक्रिय रहने के बावजूद समाजसेवा और जरूरतमंदों की सहायता उनकी प्राथमिकता रही। असहाय लोगों को अस्पताल पहुंचाने से लेकर उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान में सहयोग करने तक वे हमेशा आगे रहते थे। समाज में किसी के साथ अन्याय होते देख वे बेझिझक आवाज उठाते थे। विशेषकर ऐसे लोगों के पक्ष में खड़े होते थे, जो अपनी समस्याएं खुलकर सामने नहीं रख पाते थे। इसी निडर स्वभाव और सहयोगी भावना के कारण उन्होंने क्षेत्र में अलग पहचान बनाई थी। राजनीतिक जीवन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। वे भाजपा की ओर से कर्सियांग विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार के रूप में वर्ष 2001 या 2002 के आसपास विधानसभा चुनाव में शामिल हुए थे। हालांकि उन्हें जीत नहीं मिली, लेकिन उस समय उत्तर बंगाल में भाजपा के उम्मीदवारों के बीच उन्हें सर्वाधिक मत मिलने की बात कही जाती है। वर्ष 2008 में वे कर्सियांग नगरपालिका के उपाध्यक्ष चुने गए थे। उनके निधन पर विभिन्न संगठनों और लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। लोगों ने उन्हें एक सक्रिय समाजसेवी और अन्याय के खिलाफ निडरता से आवाज उठाने वाले व्यक्तित्व के रूप में याद किया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार सोमवार को कर्सियांग स्थित दाह संस्कार घाट पर किया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT