Protest by mid day meal workers  
सिलीगुड़ी

महीनों से मानदेय बकाया, निगम पहुंचीं मिड-डे मील सहायिकाएं

12 महीने काम के बावजूद 4-5 महीने का मानदेय नहीं मिलने का आरोप, भुगतान में देरी से आर्थिक परेशानी, आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

Anjali Pandey

सिलीगुड़ी : महीनों से मासिक मानदेय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए विभिन्न स्कूलों की मिड-डे मील सहायिकाएं बुधवार को सिलीगुड़ी नगर निगम पहुंचीं। बकाया मानदेय का जल्द भुगतान समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सहायिकाओं ने निगम परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। प्रदर्शनकारी सहायिकाओं का कहना है कि वे साल के 12 महीने काम करती हैं, लेकिन मानदेय केवल 10 महीने का ही मिलता है। हालांकि इसबार तो 4-5 महीने का वेतन बकाया है। इतना ही नहीं, निर्धारित मानदेय भी नियमित रूप से नहीं मिल रहा है। उनके अनुसार, वर्तमान में उन्हें कुल मानदेय का महज एक-चौथाई हिस्सा ही दिया जा रहा है। इतनी कम राशि में परिवार का रोजमर्रा का खर्च चलाना उनके लिए मुश्किल हो गया है।सहायिकाओं ने आरोप लगाया कि सरकार में बदलाव के बाद उनसे कुछ अतिरिक्त कार्य भी करवाए गए, लेकिन उन कार्यों के एवज में मिलने वाली राशि अथवा संबंधित भत्ते का अब तक भुगतान नहीं किया गया है। इसके चलते उनके बकाया मानदेय की राशि लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार सुबह बड़ी संख्या में सहायिकाएं नगर निगम परिसर में एकत्र हुईं और बकाया भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है, लेकिन अब तक उन्हें पूरी राहत नहीं मिली है। प्रदर्शन के बाद सहायिकाओं ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर बकाया मानदेय का जल्द भुगतान, निर्धारित मानदेय को नियमित एवं समय पर देने तथा अतिरिक्त कार्यों की लंबित राशि का भुगतान करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने त्योहारी भत्ता दिए जाने की भी मांग रखी। सहायिकाओं का कहना है कि कम मानदेय और लंबे समय से भुगतान में देरी के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में उन्होंने संबंधित विभाग से उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपील की है।

SCROLL FOR NEXT