विधायक सोनाम लामा 
सिलीगुड़ी

कर्सियांग महकमा अस्पताल को आधुनिक अस्पताल में बदलने की तैयारी

कर्सियांग: कर्सियांग महकमा अस्पताल को वर्तमान क्षमता से बढ़ाकर 200 से 250 बेड वाला आधुनिक अस्पताल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अस्पताल के उन्नयन को लेकर सोमवार को अस्पताल के मल्टीपर्पज हॉल में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्सियांग के विधायक सोनाम लामा, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एसडीएमओ, असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट, सीएमओएच, एससीएमओएच सहित जीटीए स्वास्थ्य विभाग, जीटीए इंजीनियरिंग विभाग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी व अभियंता मौजूद हुए। कर्सियांग वेलफेयर सोसाइटी और इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की कर्सियांग शाखा के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। बैठक के बाद विधायक सोनाम लामा ने बताया कि अस्पताल की मौजूदा जमीन और सभी क्षेत्रों से इसकी बेहतर कनेक्टिविटी को देखते हुए इसी परिसर में 200 से 250 बेड की क्षमता वाला नया अस्पताल विकसित करने का फैसला लिया गया है। भविष्य में परिसर की उपलब्ध जगह को देखते हुए इसे 300 से 400 बेड तक विस्तारित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा सकता है। अस्पताल का पुनर्निर्माण और विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। पहले चरण में अस्पताल के पीछे नए भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद वर्तमान भवन में चल रही विभिन्न सेवाओं और मरीजों की व्यवस्था को धीरे-धीरे नए भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। पुराने ढांचे को हटाकर वहां नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। कर्सियांग इंजीनियरिंग डिवीजन ने निर्माण की प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू कर दी है और तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया है।

अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टरों और तकनीशियनों की नियुक्ति पर जोर

विधायक ने कहा कि करीब तीन दशक पहले कर्सियांग महकमा अस्पताल में गंभीर बीमारियों के इलाज के साथ विभिन्न प्रकार के ऑपरेशन और आंखों के ऑपरेशन जैसी महत्वपूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध थीं। हालांकि, पिछले 25-30 वर्षों में चिकित्सकों, तकनीशियनों, आधारभूत ढांचे और आवश्यक सुविधाओं की कमी के कारण अस्पताल की सेवाएं प्रभावित हुईं। अस्पताल के अपग्रेडेशन के साथ पर्याप्त चिकित्सकों और तकनीशियनों की नियुक्ति पर भी जोर दिया जाएगा। बैठक में डायलिसिस सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक सोनाम लामा ने कहा कि अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का मुख्य उद्देश्य कर्सियांग और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। बेहतर सुविधाएं मिलने से मरीजों को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम या दूर-दराज के अस्पतालों का रुख कम करना पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल के उन्नयन के फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि 200-250 बेड की क्षमता और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से कर्सियांग समेत आसपास के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।


SCROLL FOR NEXT