सड़क जाम कर प्रदर्शन करते ग्रामीण  
सिलीगुड़ी

अलीपुरदुआर में चार दिन से बिजली ठप, गुस्साए लोगों का उग्र प्रदर्शन

अलीपुरदुआर : उत्तर बंगाल के अलीपुरदुआर जिले के विभिन्न इलाकों में लगातार चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। कालचीनी ब्लॉक के भाटपाड़ा चाय बागान क्षेत्र और अलीपुरदुआर-2 ब्लॉक के पदेश्वरी हाई स्कूल इलाके में हालात इतने बिगड़ गए कि लोगों ने बिजली विभाग के कार्यालय में तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के कारण जिले के कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ। कई स्थानों पर बिजली के खंभे टूट गए और तार जमीन पर गिर गए, जिससे भाटपाड़ा चाय बागान समेत कई इलाके अंधेरे में डूब गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग ने समस्या के समाधान के लिए समय पर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।

लगातार चार दिनों तक बिजली नहीं रहने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पीने के पानी की किल्लत से लेकर रोजमर्रा के कामकाज तक ठप पड़ गए, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुरुवार रात बड़ी संख्या में ग्रामीण कालचीनी स्थित बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू किया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और गुस्साए लोगों ने कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी।

स्थिति तनावपूर्ण होने पर कालचीनी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हालात को नियंत्रण में किया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर बिजली बहाल कर दी जाती, तो उन्हें इस तरह सड़कों पर उतरने की नौबत नहीं आती। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।

सड़कों पर उतरे लोग महिलाएं भी शामिल

अलीपुरदुआर-2 ब्लॉक के पदेश्वरी हाई स्कूल इलाके में भी लोगों का गुस्सा देखने को मिला। यहां भी तूफान के कारण बिजली के खंभे टूटने और तार गिरने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया। बुधवार और गुरुवार बीत जाने के बाद भी शुक्रवार सुबह 11 बजे तक बिजली बहाल नहीं होने पर स्थानीय लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने भाटीबाड़ी राज्य सड़क पर टूटे हुए बिजली के खंभे डालकर रास्ता जाम कर दिया। सुबह 11 बजे से शुरू हुआ यह जाम दोपहर करीब 2 बजे तक चला, जिससे सड़क पर लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति बिगड़ती देख अलीपुरदुआर जिला पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। पुलिस ने जल्द बिजली बहाल करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटा लिया।

बिजली विभाग ने विशेष टीम को प्रभावित इलाकों में भेजा

लगातार विरोध और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद बिजली विभाग भी सक्रिय हो गया है। विभाग की ओर से एक विशेष टीम को प्रभावित इलाकों में भेजा गया है, ताकि क्षतिग्रस्त खंभों और तारों की मरम्मत कर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक बिजली पूरी तरह बहाल नहीं होती, उनकी परेशानियां खत्म नहीं होंगी। पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में अब भी आक्रोश बना हुआ है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि बिजली विभाग कितनी जल्दी हालात सामान्य कर पाता है।

SCROLL FOR NEXT