सिलीगुड़ी

पोस्टर लगा, पोस्टर हटा, राजनीति तेज

भाजपा उम्मीदवार ने सिलीगुड़ी नगर निगम, सिलीगुड़ी जिला अस्पताल एवं सिलीगुड़ी थाना समेत विभिन्न सरकारी भवनों पर पोस्टर चिपकाया था तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार ने जताई थी आपत्ति, आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करार देते हुए चुनाव आयोग के समक्ष शिकायत करने की बात कही थी

सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार व सिलीगुड़ी के निवर्तमान विधायक शंकर घोष द्वारा बीते मंगलवार की शाम सरकारी भवनों पर चुनावी पोस्टर चिपकाए गए। उसके कुछ देर बाद ही वे पोस्टर हट भी गए। अब राजनीति तेज हो गई है। इसे लेकर शंकर घोष ने बुधवार को भाजपा के सिलीगुड़ी मीडिया सेंटर में संवाददाता सम्मेलन किया। उन्होंने कहा कि, 'मेरे द्वारा लगाए गए पोस्टरों को हटा दिए जाने को लेकर अन्य लोग भले ही चिंतित हों लेकिन मुझे कोई चिंता नहीं। क्योंकि, पोस्टर को भले हटाया जा सकता है लेकिन उस पर लिखी बातें जो अब जन-जन के मन में लिखा गई हैं उन्हें नहीं हटाया जा सकता। मेरे लिए पोस्टर जरूरी नहीं, विषय जरूरी है। वह विषय हर किसी ने सराहा।'

उन्होंने आगे कहा कि, 'मैंने उन पोस्टरों के जरिये न वोट मांगा, न उन पर अपने चुनाव चिन्ह का उपयोग किया, मैंने बस लिखा कि अब राज्य में परिवर्तन के बाद 45 दिनों के अंदर सातवां वेतन आयोग लागू होगा, अस्थायी व निविदा कर्मियों के पारिश्रमिक में भी वृद्धि होगी, सरकारी विभागाें में खाली जगहों को भरा जाएगा। शिक्षक नियुक्ति में भष्टाचार से जो लोग प्रभावित हुए उन लोगाें को पुन: नौकरी की परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्षों की छूट दी जाएगी। मैं उन लोगों के साथ खड़ा होना चाहता हूं इसीलिए मैंने ऐसा किया। ये बातें कड़वी थीं जो शासकाें को अच्छी नहीं लगीं। उन्होंने मेरे पोस्टर हटवा दिए। वैसे, जरूरत पड़ी तो मैं आगे भी फिर से पोस्टर लगाऊंगा।'

शंकर घोष ने यह भी कहा कि, 'मैं यह भी जानना चाहूंगा कि, वे पोस्टर सत्तारूढ़ दल के लोगों ने हटाए या चुनाव आयोग ने।' उनसे पूछा गया कि, उनके पोस्टर के विरुद्ध तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग जाने की बात कही है तो उन्होंने कहा कि, 'चुनाव आयोग जाएं, यूएनओ जाएं, जहां जाना चाहें जाएं। 2026 में तृणमूल कांग्रेस का विसर्जन तय है।'

उल्लेखनीय है कि, शंकर घोष ने मंगलवार को सिलीगुड़ी नगर निगम, सिलीगुड़ी जिला अस्पताल एवं सिलीगुड़ी थाना समेत विभिन्न सरकारी भवनों पर पोस्टर चिपकाया। हालांकि, उन पोस्टरों पर भाजपा का कोई चुनाव चिन्ह या नाम नहीं था। मगर, रंग उसी का था और उसे व्यक्तिगत रूप में शंकर घोष की ओर से लगाया गया। उसे लेकर सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार व सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव ने कहा कि, वह (शंकर घोष) भाजपा के उम्मीदवार हैं। सिलीगुड़ी के निवर्तमान विधायक हैं और विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक रहे हैं। वह राजनीतिक मुद्दों व राजनीतिक बातों को लेकर अपने नाम से सिलीगुड़ी जिला अस्पताल, सिलीगुड़ी नगर निगम व सिलीगुड़ी थाना जैसे सरकारी भवन पर खुद से राजनीतिक पोस्टर चिपका रहे हैं। यह आदर्श चुनाव आचार संहिता का सरासर उल्लंघन है। इसके विरुद्ध हमारी पार्टी के कंप्लेन सेल की ओर से चुनाव आयोग के समक्ष शिकायत करेंगे। हालांकि, चुनाव आयोग भाजपा उम्मीदवार के विरुद्ध कुछ भी नहीं करेगा। इसके बावजूद हम लोग चुनाव आयोग के समक्ष शिकायत करेंगे।

SCROLL FOR NEXT