Posters in Phoolbari-Dabgram area 
सिलीगुड़ी

राजबंशी उम्मीदवार की मांग को लेकर पोस्टर, नई राजनीतिक अटकलें शुरू

सिलीगुड़ी : बहुत हुआ वंचना, अब डाबग्राम–फुलबाड़ी में उत्तर बंगाल की मिट्टी से जुड़े राजबंशी उम्मीदवार चाहिए, इस मांग को लेकर लगाए गए पोस्टरों ने राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है। सिलीगुड़ी संलग्न डाबग्राम-फूलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के राजबंशी उम्मीदवार की मांग करते हुए ये पोस्टर लगाए गए हैं। सोमवार सुबह सिलीगुड़ी के समीप ईस्टर्न बाइपास के विभिन्न मोड़ों और ट्रैफिक प्वाइंट्स पर ये पोस्टर देखे गए। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, डाबग्राम–फुलबाड़ी सीट पर भाजपा के संभावित उम्मीदवार को लेकर पिछले कुछ समय से पार्टी के भीतर चर्चा चल रही है। वर्तमान में इस सीट की विधायक भाजपा की वरिष्ठ नेता शिखा चटर्जी हैं।

पार्टी के एक वर्ग में यह चर्चा है कि उम्र संबंधी कारणों से उनके लिए पहले की तरह सक्रिय चुनाव प्रचार और संगठनात्मक कार्य करना कठिन हो सकता है। हालांकि, पार्टी नेतृत्व इस दावे को स्वीकार नहीं कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक, संभावित उम्मीदवारों की सूची में कई नाम चर्चा में हैं। इनमें सुपेन राय, दीपक राय, डॉ. सचिन प्रसाद, आलोक सेन, चंदन राय, समाजसेवी जितेंद्र शरिन उर्फ राजू और जलपाईगुड़ी के पूर्व जिला अध्यक्ष बापी गोस्वामी का नाम शामिल बताया जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि उम्मीदवार को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व ही करेगा और जिसे भी टिकट दिया जाएगा, उसके समर्थन में सभी एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। वहीं विधायक शिखा चटर्जी ने कहा कि इस घटना से राजबंशी समाज का कोई संबंध नहीं है। उनके अनुसार, राजबंशियों के नाम का इस्तेमाल कर अनावश्यक भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT