Minister anandmaya barman  
सिलीगुड़ी

पूजा से पहले जंक्शन बस टर्मिनस में शुरू हुई डॉर्मिटरी-वेटिंग लाउंज की सुविधा

Anjali Pandey

सिलीगुड़ी : दुर्गापूजा से पहले यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए सिलीगुड़ी जंक्शन बस टर्मिनस में कई नई सुविधाओं की शुरुआत की गई है। सोमवार को राज्य के परिवहन विभाग के राज्य मंत्री और माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक आनंदमय बर्मन ने नए डॉर्मिटरी, वेटिंग लाउंज और वीआईपी लाउंज का उद्घाटन किया। उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम की ओर से टर्मिनस की दूसरी मंजिल पर पुरुष और महिला यात्रियों के लिए अलग-अलग डॉर्मिटरी तैयार की गई है। पुरुषों के लिए 14 बेड और महिलाओं के लिए 6 बेड की व्यवस्था है। वहीं, कर्मचारियों के लिए अलग 4 बेड का स्टाफ डॉर्मिटरी भी बनाया गया है। यात्री महज 300 रुपये में 12 घंटे तक डॉर्मिटरी का इस्तेमाल कर सकेंगे। खास बात यह है कि टर्मिनस पहुंचने के बाद ही डॉर्मिटरी की बुकिंग की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा यात्रियों के इंतजार को आरामदायक बनाने के लिए नया वेटिंग लाउंज भी शुरू किया गया है। यहां 29 थ्री-सीटर सोफा, टीवी और मोबाइल चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही वीआईपी लाउंज में यात्री 20 रुपये प्रति घंटे के शुल्क पर बैठने की सुविधा ले सकेंगे। आने वाले दिनों में कुछ लाउंज में एसी की सुविधा भी शुरू करने की बात कही गई है। मंत्री आनंदमय बर्मन ने कहा कि यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से नई सुविधाएं शुरू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान 14 और 15 सितंबर को पूजा परिक्रमा का भी आयोजन किया जाएगा। एसी और नॉन-एसी बसों के जरिए यात्रियों को विभिन्न पूजा पंडालों की सैर कराई जाएगी और इस दौरान खाने की व्यवस्था भी रहेगी।

SCROLL FOR NEXT