संवाददाता सम्मेलन में भाजपा समर्थक  
सिलीगुड़ी

वायरल वीडियो को लेकर सियासी विवाद, प्रधान के पति पर लगे गंभीर आरोप

इस्लामपुर: चोपड़ा ब्लॉक के सोनापुर ग्राम पंचायत क्षेत्र में लाखों रुपये के लेन-देन से जुड़े एक वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने संवाददाता सम्मेलन कर ग्राम प्रधान के पति मोहम्मद शाहेद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। संवाददाता सम्मेलन में मौजूद बीजेपी समर्थक राहुल प्रसाद ने दावा किया कि वे हाल ही में दूसरे राज्य से लौटे हैं, जिसके बाद यह वीडियो उनके संज्ञान में आया। उन्होंने बताया कि उन्होंने चोपड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और वीडियो में बड़े पैमाने पर पैसों के लेन-देन की जांच की मांग की है। राहुल प्रसाद ने कहा कि इस मामले में शामिल लोगों की पहचान और धन के स्रोत की जांच आवश्यक है। उनके अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद आम लोगों के बीच कई सवाल खड़े हो गए हैं, जिनका जवाब निष्पक्ष जांच से ही मिल सकता है।

वहीं, सोनापुर ग्राम पंचायत की प्रधान रूबी खातून ने सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। उनके अनुसार, कुछ वर्ष पहले क्षेत्र में एक निजी निवेश कंपनी ने लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर धन एकत्र किया था, जिसके बाद कंपनी के क्षेत्र छोड़ने से लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई। उन्होंने दावा किया कि कई जमाकर्ताओं का पैसा पहले ही वापस किया जा चुका है और वायरल वीडियो का किसी भी अवैध वित्तीय लेन-देन से कोई संबंध नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके परिवार को राजनीतिक रूप से बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार चोपड़ा थाने में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है |

SCROLL FOR NEXT