सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई माटीगाड़ा थाना अंतर्गत निमाई के कुटुंबा इलाके में की गई। पुलिस को गुप्त सूत्रों से वहां रुपये के लेनदेन के साथ ताश के पत्तों पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) की टीम ने उक्त स्थान पर छापेमारी की।
इस दौरान पुलिस ने कथित रूप से जुआ खेल रहे 11 लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान मौके से 52 ताश के पत्ते, ताश के 12-12 पैकेट वाले दो नए बंडल और 2 लाख 45 हजार रुपये नकद बरामद किये गये। पुलिस के अनुसार, जब्त नकदी का इस्तेमाल जुए में बोर्ड मनी के तौर पर किया जा रहा था। इसके अलावा मौके से एक हरे रंग का कंबल भी जब्त किया गया।
घटना को लेकर माटीगाड़ा थाने में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके में जुए के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।