Search operation of NDRF team  
सिलीगुड़ी

फुलबाड़ी के महानंदा बैराज में नदी में डूबे 3 छात्र, एक सुरक्षित बरामद, दो अब भी लापता, तलाश में जुटी एनडीआरएफ टीम

Anjali Pandey

सिलीगुड़ी : रविवार की रात फुलबाड़ी के महानंदा बैराज में एक दर्दनाक घटना ने तीन परिवारों की चिंता बढ़ा दी। नहाने के लिए नदी में उतरे दसवीं कक्षा के तीन छात्र अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए और पानी में डूबने लगे। स्थानीय मछुआरों की कोशिश से एक छात्र को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उसके दो दोस्त अब भी लापता हैं। बताया गया है कि फुलबाड़ी के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले दिव्यांश साहा, प्रज्ञाज्योति दास और मोहम्मद सफाएल हुसैन नौशाद रविवार को छुट्टी के दिन महानंदा बैराज पहुंचे थे। शाम में तीनों नदी में नहाने उतरे थे। इसी दौरान अचानक पानी के तेज बहाव ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय मछुआरों ने किसी तरह दिव्यांश को बचा लिया, लेकिन प्रज्ञाज्योति और नौशाद नदी में बह गए। घटना की खबर मिलते ही सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। सोमवार सुबह से एनडीआरएफ की टीम दोनों लापता छात्रों की तलाश में लगातार अभियान चला रही है। दिव्यांश ने बताया कि वह अपने दोनों दोस्तों के साथ ही नदी में नहाने उतरा था। अचानक पानी का बहाव तेज हुआ और देखते ही देखते उसके दोनों दोस्त उसकी आंखों के सामने नदी में समा गए।इधर, बेटे के लापता होने की खबर के बाद प्रज्ञाज्योति की मां नदी किनारे रो-रोकर बेहाल हैं। आंखों में आंसू और दिल में बेटे की वापसी की उम्मीद लिए परिवार नदी की ओर टकटकी लगाए बैठा है। फिलहाल राहत और बचाव दल पूरी ताकत से दोनों लापता छात्रों की तलाश में जुटा है। नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी अभियान जारी है।

SCROLL FOR NEXT