सिलीगुड़ी : फुलबाड़ी के श्रीराम कॉलोनी इलाके में गुरुवार को घर के कमरे से 15 वर्षीय छात्रा का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान वर्षा सरकार के रूप में हुई है। वह वाल्मीकि हाईस्कूल की कक्षा नौवीं की छात्रा थी और फुलबाड़ी-2 ग्राम पंचायत क्षेत्र की निवासी थी। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है।परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह वर्षा रोज की तरह उठी थी। सुबह उठकर हाथ-मुंह धोने के बाद उसने परिवार के सदस्यों से बातचीत की और चाय-बिस्किट लिया। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई और किताब लेकर पढ़ने बैठ गई। कुछ देर बाद परिजनों ने कमरे में उसे मृत अवस्था में पाया।
घटना की सूचना मिलते ही न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।इधर, वर्षा की मौत की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई। इलाके में भी घटना को लेकर गम का माहौल है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।