कर्सियांग: दार्जिलिंग महकमा अंतर्गत फूबसेरिंग और पांदम चाय बागान क्षेत्र के विभिन्न गांवों की विकास संबंधी समस्याओं को लेकर समष्टि प्रतिनिधियों ने दार्जिलिंग के विधायक नोमन राई से मुलाकात की। इस दौरान स्थानीय स्तर पर लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) समष्टि अध्यक्ष सचिन ठकुरी, सचिव कुन्दन राई, युवा मोर्चा अध्यक्ष हरि राई, सचिव अमिन प्रधान समेत विभिन्न ब्लॉक, समष्टि एवं सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद थे। प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में विकास की जरूरतों और स्थानीय लोगों की दैनिक समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की मांग रखी। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने पर भी चर्चा हुई। समष्टि अध्यक्ष सचिन ठकुरी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का समग्र विकास प्राथमिकता है। इसके लिए विधायक, संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाकर काम किया जाएगा।