सिलीगुड़ी

पेयजल संकट दूर करने को समिति और भाजपा की बैठक

कलिम्पोंग में अनियमित जलापूर्ति, पुरानी पाइपलाइन और पानी की कमी समेत विभिन्न समस्याओं पर हुई चर्चा

Abhijit Dey

कलिम्पोंग : शहर में लंबे समय से जारी पेयजल संकट के समाधान के उद्देश्य से कलिम्पोंग जनकल्याण समिति और भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में पेयजल की कमी और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान पुरानी पाइपलाइनों की खराब स्थिति, पानी की कथित चोरी, समय पर जलापूर्ति नहीं होने और सूखे मौसम में बढ़ने वाले पेयजल संकट जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। प्रतिनिधियों ने माना कि इन समस्याओं के कारण शहर के विभिन्न इलाकों के लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

बैठक में कलिम्पोंग के लोगों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मिलकर हरसंभव प्रयास करने पर सहमति बनी। प्रतिनिधियों ने कहा कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत से किसी भी नागरिक को वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए आपसी सहयोग और समन्वय के साथ समस्या के समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

बैठक को जनहित में मतभेदों से ऊपर उठकर मिलकर काम करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। अंत में पेयजल समस्या के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने के संकल्प के साथ बैठक संपन्न हुई।

SCROLL FOR NEXT