सभा में उपस्थित पवन चामलिंग व अन्य  
सिलीगुड़ी

पवन चामलिंग ने सिक्किम की शांति और स्थिरता पर जताई चिंता

गंगटोक : सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट ने 22 जून को क्रांति दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया। इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष पवन चामलिंग ने सिक्किम की वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और भौगोलिक परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य की शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए जनता से सतर्क रहने की अपील की। समारोह को संबोधित करते हुए चामलिंग ने देश के विभिन्न राज्यों में बढ़ रही अशांति का उल्लेख करते हुए पूर्वोत्तर भारत के एक राज्य में लंबे समय से जारी अस्थिरता की ओर संकेत किया। उन्होंने कहा कि वहां सांप्रदायिक सौहार्द, जनसुरक्षा और महिला सुरक्षा में गिरावट के कारण हिंसा तथा हत्या जैसी घटनाओं में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सिक्किम को ऐसी परिस्थितियों से दूर रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। एसडीएफ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया कि किसी अन्य राज्य की स्थिति का उल्लेख करने का उद्देश्य सिक्किम की उससे तुलना करना नहीं है, बल्कि लोगों को सतर्क करना है ताकि भविष्य में राज्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो। पार्टी का दावा है कि अपने 25 वर्षों के शासनकाल के दौरान उसने राज्य में शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए थे तथा अशांति के सभी संभावित रास्तों को बंद रखा था। प्रेस विज्ञप्ति में भाजपा के युवा संगठन पर भी निशाना साधा गया है। एसडीएफ ने आरोप लगाया कि संगठन सिक्किम की अन्य राज्यों से अनुचित तुलना कर समाज में भ्रम और असमंजस उत्पन्न करने का प्रयास कर रहा है। पार्टी ने ऐसी गतिविधियों की कड़ी आलोचना करते हुए इसे बाहरी प्रभावों को बढ़ावा देने वाला कदम बताया। एसडीएफ ने राज्य की शांति, सुरक्षा और समृद्ध भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सिक्किम के हितों को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी विचारधारा या राजनीतिक शक्ति का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT