कालिम्पोंग: अध्यात्म, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मंगल धाम कालिम्पोंग के पीठाधीश्वर पूज्य श्री 108 मोहन प्रियाचार्य महाराज को पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से आधिकारिक प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। महाराज जी मंगल धाम, प्रणामी बालिका विद्या मंदिर और सेवक सदन अस्पताल के अध्यक्ष के रूप में मानव सेवा, बालिका शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में देश के करीब 15 विश्वविद्यालयों में महामति प्राणनाथ एवं हिंदी साहित्य पर संगोष्ठियां आयोजित की गई हैं। उनके प्रयासों से महामति प्राणनाथ और गुरुजी मंगलदास के सम्मान में भारत एवं नेपाल सरकार द्वारा स्मारक डाक टिकट भी जारी किए गए हैं। मंगल धाम परिवार ने इस सम्मान के लिए पश्चिम बंगाल सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए इसे पूरे कालिम्पोंग क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।