सिलीगुड़ी फांसीदेवा में तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष काजल घोष की भाजपा में शामिल होने की अटकलों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी सामने आई है। दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सुनील बंसल के साथ काजल घोष की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर काजल घोष का पुतला भी फूंका।
प्रदर्शनकारी भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल में काजल घोष कई भ्रष्टाचार संबंधी गतिविधियों में शामिल रहे हैं और इलाके में अशांति फैलाने में उनकी भूमिका रही है। कार्यकर्ताओं का यह भी आरोप है कि भाजपा के शासनकाल के दौरान पट्टा जमीन पर कब्जे से जुड़े मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि ऐसे आरोपों से घिरे नेता को भाजपा में शामिल कैसे किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस मामले को मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष उठाया जाएगा।
इधर, इस पूरे मामले पर काजल घोष की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, भाजपा के सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला अध्यक्ष अरुण मंडल ने कहा कि उन्हें काजल घोष के भाजपा में शामिल होने की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में प्रदेश या केंद्रीय नेतृत्व की ओर से भी उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई है।