सिलीगुड़ी : वार्ड नंबर 13 के पंजाबीपाड़ा में श्री गणेश पूजा कमेटी की ओर से आयोजित गणेश उत्सव का सोमवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। इस वर्ष पूजा का आयोजन अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर गया है। पंडाल का उद्घाटन SSB के ig वंदन सक्सेना ने किया। आयोजकों के अनुसार, पिछले करीब 10 वर्षों से यहां गणेश पूजा का आयोजन होता आ रहा है। इसकी शुरुआत क्षेत्र के बच्चों ने की थी। हालांकि, इस वर्ष पूजा आयोजन में पंजाबीपाड़ा के सभी स्थानीय निवासी भी सक्रिय रूप से शामिल हुए हैं। समिति के सचिव ने बताया कि इस बार 14 से 19 सितंबर तक छह दिनों तक गणेश उत्सव मनाया जाएगा। उत्सव के दौरान प्रत्येक दिन सुबह 8:30 बजे पूजा-अर्चना होगी। इसके अलावा शाम के समय भजन संध्या, मंगल पाठ, सुंदरकांड और ड्राइंग प्रतियोगिता समेत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 19 सितंबर को हवन और खिचड़ी प्रसाद के बाद शाम 3:30 बजे गणपति बप्पा की विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। उद्घाटन समारोह के दौरान दृष्टिबाधित बच्चों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में पंजाबीपाड़ा के बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल हुए और गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया।