सिलीगुड़ी

बंदूक-कारतूस संग पैंगोलिन शल्क बरामद

सुकना रेंज की टीम ने रात में दबोचा आरोपित, 2.5 किलो शल्क मिलने से तस्करी नेटवर्क की जांच

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी: वन विभाग की सुकना रेंज की टीम ने सोमवार देर रात खपरेल इलाके में अभियान चलाकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से एसबीबीएल बंदूक, तीन जिंदा कारतूस और करीब 2.5 किलो पैंगोलिन के शल्क बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपित की पहचान माटीगाड़ा थाना क्षेत्र निवासी दिलीप दर्जी के रूप में हुई है।

वन विभाग के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने देर रात खपरेल इलाके में कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपित के कब्जे से हथियार और पैंगोलिन के शल्क बरामद हुए। बरामद सामग्री को जब्त कर आरोपित को हिरासत में लिया गया।

मामले में वन विभाग ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट, 1959 और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मंगलवार को उसे कुर्सियांग अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसकी जमानत याचिका खारिज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

वन विभाग अब बरामद पैंगोलिन के शल्क के स्रोत का पता लगाने में जुटा है। अधिकारियों को आशंका है कि इसके पीछे वन्यजीव तस्करी से जुड़ा नेटवर्क हो सकता है। इसी दिशा में आरोपित से जुड़े संपर्कों और शल्क की संभावित आपूर्ति के स्रोत की जानकारी जुटाई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, पैंगोलिन वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत संरक्षित वन्यजीव है और इसके शल्क की अवैध खरीद-बिक्री तथा तस्करी पर प्रतिबंध है। वन विभाग यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि बरामद शल्क कहां से लाए गए थे और इन्हें आगे कहां भेजा जाना था।

SCROLL FOR NEXT