सन्मार्ग संवाददाता
सिलीगुड़ी : एक अनुपयोगी व फेंकी हुई काठ की लकड़ी, जो आम लोगों के लिए एक कचरे के समान है, लेकिन संजीव सिन्हा की नजर में उसमें एक नए जीवन की संभावना है। अपर बागडोगरा ग्राम पंचायत के प्रधान संजीव सिन्हा ने अपनी कारीगरी से पूरे इलाके को आश्चर्यचकित कर दिया है। उन्होंने लकड़ी के एक लट्ठे पर खुदाई कर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक सुंदर चित्र उकेरा है। वह एक जनप्रतिनिधि हैं, वह अपना अधिकांश समय लोगों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने में बिताते हैं। लेकिन फिर भी वह अपने शौक की दुनिया में खोए रहे। पुरानी, बेकार पड़ी चीजों को ढूंढना और उनमें जान फूंकना उनकी लत है। वह कॉलेज के दिनों से ही रचनात्मकता व कलात्मकता की ओर आकर्षित रहे है।
एक दिन, कॉलेज के मैदान में बैठकर उन्होंने सुई से चाक पेंसिल के टुकड़े पर एक सुंदर मूर्ति उकेरी। तब से, सड़क के किनारे पड़ी पुरानी लकड़ियाँ, नारियल के खोल और पत्थर उनके हाथों में आ गए हैं और एक के बाद एक कलाकृतियाँ नए रूपों में जन्म लेती रही हैं। एक साल पहले उन्होंने लकड़ी पर मुख्यमंत्री का चित्र उकेरने का निर्णय लिया। उस सपने को पूरा करने के लिए काफी धैर्य के साथ उन्होंने लकड़ी के एक लट्ठे पर ममता बनर्जी की एक आकर्षक छवि उकेरी।
उन्होंने कहा कि कुछ काम अभी भी लंबित है, लेकिन इसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह यह रचना अपने हाथों से मुख्यमंत्री को भेंट करना चाहते है। बताते चले, उनका घर अब एक जीवित संग्रहालय जैसा है। उनके प्राचीन वस्तुओं के संग्रह से लेकर उनके अपने हाथों से निर्मित अनगिनत कलाकृतियों से भरा हुआ है।