सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्डों की संख्या 47 से बढ़ा कर 63 की जाएगी। इस आशय की अधिसूचना राज्य सरकार के पालिका मामलों व शहरी विकास विभाग की ओर से सप्ताह-दो सप्ताह पहले ही जारी की जा चुकी है। उसके तहत अब नगर निगम के वार्डों के पुनर्विन्यास को लेकर आगामी कल सोमवार को सिलीगुड़ी नगर निगम में एक उच्चस्तरीय बैठक होने जा रही है। उक्त बैठक में सिलीगुड़ी नगर नगर निगम की प्रशासक आर. विमला, आयुक्त वीर विक्रम राय, जिला प्रशासन, महकमा प्रशासन, निर्वाचन अधिकारी, भूमि एवं भूमि सुधार विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी सम्मिलित हाेंगे। नगर निगम सूत्रों के अनुसार मिली जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी नगर निगम में वार्डों की संख्या 47 से बढ़ाकर 63 करने का फैसला लगभग-लगभग पूर्ण होने को है। हालांकि, कौन-सा वार्ड किस तरह विभाजित होगा, वार्डों का नया नक्शा क्या होगा और प्रत्येक वार्ड की जनसंख्या कितनी होगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। सोमवार की बैठक में पुनर्विन्यास के तहत 63 वार्डों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। 21 सितंबर को जिला निर्वाचन अधिकारी वार्डों के पुनर्विन्यास की सूची जारी करेंगे जिसे विभिन्न सरकारी कार्यालयों में प्रदर्शित किया जाएगा। उसके बाद राजनीतिक दलों के साथ आम लोगों को भी आपत्ति और शिकायत दर्ज कराने के लिए 2 सप्ताह का समय दिया जाएगा। आपत्तियों और सुझावों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वार्डों की अंतिम सूची और नया नक्शा प्रकाशित किया जाएगा।
सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्डों के पुनर्विन्यास के बाद वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत वार्ड आरक्षित किए जाने की बात कही गई है। इस हिसाब से तकरीबन 20 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकते हैं। इधर, इस साल 2026 के अंत तक सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में दुर्गा पूजा से पहले वार्ड पुनर्विन्यास समेत पूरी प्रक्रिया को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।