अलीपुरदुआर: एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक घटना अलीपुरदुआर जिले के हाथीपोता कैंप के सामने 12 नंबर सेक्शन में घटित हुई , जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। मृतक की पहचान धर्म बारिया के रूप में हुई है, जो फांसखावा इलाके के निवासी थे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बीती रात धर्म बारिया अपने भतीजे सचिन बारिया के साथ मोटरसाइकिल से अलीपुरदुआर शहर से अपने घर लौट रहे थे। उसी दौरान हाथीपोता कैंप के सामने तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि ट्रैक्टर की लापरवाही और तेज गति के कारण यह हादसा हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुकतला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद धर्म बारिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सचिन बारिया की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीपुरदुआर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।