सिलीगुड़ी : बागडोगरा के चौपुखरिया अंतर्गत भिस्ती जोत इलाके में वन्यजीव का शिकार कर उसका मांस पकाने के आरोप में वन विभाग ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान हरमन मुंडा के रूप में हुई है। वन विभाग के अनुसार, आरोपित पर शेड्यूल-1 में शामिल जंगली बिल्ली का शिकार करने और उसका मांस पकाकर खाने का आरोप है।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, गुरुवार शाम आरोपित ने कथित तौर पर जंगली बिल्ली का शिकार किया था। इसके बाद उसके मांस को पकाकर दावत की गई। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई की और वहां से वन्यजीव के अवशेष बरामद किए। बरामद अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि वन्यजीव की पहचान और मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने कथित तौर पर शिकार करने और मांस खाने की बात स्वीकार की। शुक्रवार को वन विभाग ने उसे सिलीगुड़ी सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया।
इधर, बागडोगरा वन विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि इस घटना में आरोपित के अलावा अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं। वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मामले की जांच की जा रही है।