सिलीगुड़ी

दिवाली की रात एसपी ने की पड़ाेसी वकील व परिवार की पिटाई !

देर रात 01:00 बजे पटाखे फोड़े जाने को लेकर भड़के एसपी, पड़ाेसी की पिटाई कर देने का आरोप, एसपी ने मारपीट के आरोपों से किया इनकार, कहा - बंगले में फेंक कर पटाखे फोड़े गए तो सुरक्षा गार्ड ने टोका

कूचबिहार : कूचबिहार जिला के एसपी द्युतिमान भट्टाचार्य पर दिवाली व काली पूजा की रात अपनी पड़ाेसी वकील मल्लिका कार्जी व उनके पति पार्थ राय एवं परिवार की पिटाई करने का आरोप लगा है। कूचबिहार शहर के वार्ड नंबर 9 स्थित एसपी बंगलो के पास हुए इस मामले ने इलाके का तापमान बढ़ा दिया है। इसे लेकर मंगलवार शाम अचानक पीड़ित परिवार व उस क्षेत्र के लोगों ने एसपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर रेल गुमटी इलाके में पथावरोध कर विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस भारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पहले तो पुलिस ने आराम से प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझा कर पथावरोध समाप्त करने का प्रयास किया लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस ने लाठी चार्ज कर उन्हें तितर-बितर कर पथावरोध हटाया। वहीं, कइयों को पकड़ कर ले गई। इसे लेकर तनाव और बढ़ गया।

बताया जाता है कि एसपी द्वारा पड़ाेसी की पिटाई का पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुआ है। सीसीटीवी फुटेज में एसपी अपने हाथ में डंडा लेकर लोगों की पिटाई करते दिख रहे हैं। हालांकि, एसपी द्युतिमान भट्टाचार्य ने स्वयं इस आरोप का खंडन किया है। उनका दावा है कि ऐसा कुछ भी हुआ ही नहीं है। कहा जा रहा है कि सोमवार व मंगलवार के बीच दिवाली व काली पूजा की देर रात कुछ लोग रेल गुमटी इलाके में एसपी बंगलो के पास पटाखे फोड़ रहे थे। उसी समय अचानक एसपी अपने बंगले से बाहर आए और बांस के डंडे से उन लोगों को पीटना शुरू कर दिया। उनकी पिटाई से पड़ाेसी महिला वकील मल्लिका कार्जी व उनके शिक्षक पति पार्थ राय और पांच नाबालिग घायल हुए हैं।

महिला वकील मल्लिका कार्जी ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एसपी बिना वर्दी के कुछ लोगों को लेकर आए और हमारे घर के सामने मारपीट की। इसके विरुद्ध बोलने पर उनके द्वारा मुझे एवं मेरे पति को भी लाठी से पीटा गया। हमारे घर पर आए बच्चे जो कि पटाखे फोड़ रहे थे उनको भी मारा गया। उन्होंने यह भी कहा कि, अगर देर रात हो गई थी तो पुलिस पहले वार्निंग दे सकती थी। किसी प्रकार की वार्निंग के बिना ही एसपी ने जिस तरह से लाठी से पिटाई की है वह पूरी तरह गलत है। हम इस पूरे विषय से राज्य की मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे। इसके साथ ही कलकत्ता हाईकोर्ट में भी मुकदमा दर्ज कराने जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उक्त मामले के तुरंत बाद पुलिस की कुछ गाड़ियां मौके पर आईं और इलाके की एक दुकान में तोड़फोड़ की। उस वक्त उनके साथ कोई महिला पुलिसकर्मी नहीं थी।

वहीं, दूसरी ओर, एसपी द्युतिमान भट्टाचार्य का दावा है कि ऐसा कोई मामला नहीं हुआ है। वे लोग शाम से ही लगातार पटाखे फोड़े जा रहे थे। सुरक्षा गार्ड द्वारा कई बार कहने के बावजूद वे रुके नहीं। देर रात एक बजे भी वे पटाखे फोड़ रहे थे। यहां तक कि बंगले के अंदर फेंक कर भी पटाखे फोड़े गए जिससे बंगले के अंदर मौजूद पालतू जानवरों को काफी दिक्कत हो रही थी। उसीलिए उन्हें सुरक्षा गार्ड टोका गया था। मारपीट जैसी कोई बात नहीं हुई है। इधर, एक ओर पीड़ित परिवार तो दूसरी ओर पुलिस की ओर से अपने-अपने दावे के साक्ष्य के बतौर सीसीटीवी फुटेज भी जारी किए गए हैं। इस पूरे मामले ने इलाके का तापमान बढ़ा दिया है।

SCROLL FOR NEXT