सिलीगुड़ी

उत्तर सिक्किम टैक्सी चालक संघ ने 65 लोगों को किया सम्मानित

Abhijit Dey

मंगन: उत्तर सिक्किम टूरिस्ट टैक्सी ड्राइवर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने प्राकृतिक आपदाओं और विभिन्न आपात स्थितियों के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों में योगदान देने वाले 65 व्यक्तियों को सम्मानित किया।

मंगन जिला प्रशासन के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अध्यक्ष सोनाम नोर्गे लाचुंगपा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

सम्मानित किए गए लोगों ने भूस्खलन, सड़क अवरोध, वाहन दुर्घटनाओं तथा अन्य आपात परिस्थितियों के दौरान स्वयंसेवक के रूप में राहत एवं बचाव कार्यों में योगदान दिया। उन्होंने पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सहायता में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी 65 लोगों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में मंगन थाना प्रभारी डी.पी. लिम्बू, आरटीओ तेम्पा रुजिंग भूटिया, ब्रांड एंबेसडर एन.टी. लेप्चा, पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक काजी शेर्पा तथा जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पन्दिम लेप्चा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

अपने संबोधन में सोनाम नोर्गे लाचुंगपा ने एसोसिएशन के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आपदा और आपात स्थितियों में संगठन का योगदान सराहनीय है। उन्होंने विभाग की ओर से एसोसिएशन को आवश्यक सहयोग और समर्थन जारी रखने का आश्वासन दिया।कार्यक्रम का संचालन एसोसिएशन के महासचिव दुर्गा प्रसाद गुरागाईं ने किया, जबकि अध्यक्ष राम कुमार दर्जी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

SCROLL FOR NEXT