भूस्खलन के कारण सड़क क्षतिग्रस्त  
सिलीगुड़ी

उत्तर सिक्किम: तारुम छु पुल धंसने से लाचेन रोड बंद

मंगन: उत्तर सिक्किम के प्रमुख पर्यटन स्थल लाचेन-गुरूदोंगमार मार्ग पर तारुम छु पुल के पास भूस्खलन के कारण सड़क पूरी तरह बाधित हो गई है। रविवार सुबह लगभग 11 बजे हुए भूस्खलन में पुल के एवाडमेंट के पास का हिस्सा ढह गया। मंगन जिला प्रशासन ने लाचेन मार्ग को अस्थायी रूप से बंद करने संबंधी सार्वजनिक सलाह जारी की है, जिससे कई पर्यटक लाचेन में फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने खराब मौसम और संभावित खतरों को देखते हुए पर्यटकों को रात वहीं रुकने और किसी भी तरह की आवाजाही से बचने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने सोमवार सुबह पर्यटकों की निकासी की योजना बनाई है, जो मौसम में सुधार और डोंगक्या ला मार्ग पर बर्फ हटाने के कार्य की प्रगति पर निर्भर करेगी। निकासी लाचेन–डोंगक्या ला–लाचुंग–गंगटोक मार्ग से की जाएगी।

पुलिस, इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस, बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन और भारतीय सेना प्रशासन के साथ समन्वय में कार्य कर रहे हैं, ताकि सुरक्षित और समय पर निकासी सुनिश्चित की जा सके। बीआरओ के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सड़क बहाली और बर्फ हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। अनुकूल परिस्थितियों में कुछ दिनों के भीतर सड़क पुनः चालू होने की संभावना है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों को अधिकतम समय तक घर या सुरक्षित स्थान पर रहने, सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर:+91 9907956705, 03592 281007

SCROLL FOR NEXT