सिलीगुड़ी

नॉर्थ-ईस्ट पैरा स्पोर्ट्स मीट में हिस्सा लेने वाली सिक्किम की टीम को मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

Abhijit Dey

गंगटोक : सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने आगामी नॉर्थ ईस्ट पैरा स्पोर्ट्स मीट में हिस्सा लेने जा रहे राज्य के 22 सदस्यीय दल को शुभकामनाएं दीं। यह प्रतियोगिता २६ से 29 नवंबर तक असम के गुवाहाटी में आयोजित होगी।

राज्य के इस दल में 22 खिलाड़ी, दो अधिकारी और चार सहयोगी कर्मचारी शामिल हैं। दल का नेतृत्व विभाग के सचिव करेंगे, जबकि सिक्किम सरकार के खेल एवं युवा कार्य विभाग के निदेशक भी टीम के साथ रहेंगे।

खिलाड़ियों के साथ बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री तामांग ने उन्हें प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि वे पूरे राज्य के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए खिलाड़ियों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

इस प्रतियोगिता में सिक्किम का दल छह खेल विधाओं टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज, क्लब थ्रो, तैराकी और एथलेटिक्स में हिस्सा लेगा।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि सिक्किम की जनता उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने खिलाड़ियों के बेहतर स्वास्थ्य, सफलता और खेल जीवन में नई उपलब्धियों की कामना की।

उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए समावेशी वातावरण तैयार करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि समाज को उन्हें निरंतर प्रोत्साहन, सहयोग और देखभाल प्रदान करनी चाहिए। साथ ही, उनकी प्रतिभा और क्षमता को विकसित करने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने राज्यभर में खिलाड़ियों की पहचान, प्रशिक्षण और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए खेल एवं युवा कार्य विभाग के प्रयासों की भी सराहना की।

चार दिवसीय नॉर्थ ईस्ट पैरा स्पोर्ट्स मीट में पूर्वोत्तर क्षेत्र के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी अलग-अलग खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

SCROLL FOR NEXT