डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती  
सिलीगुड़ी

उत्तर बंगाल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

सन्मार्ग टीम, नागराकाटा/ कालियागंज / इस्लामपुर / कूचबिहार: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर देश भर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें राजनीतिक हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तर बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों में भी इस दिन को मनाते हुए उनके सिद्धांतों व उनके योगदान को याद किया गया |

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर डुआर्स क्षेत्र के नागराकाटा, चालसा, मालबाजार, बानरहाट और लुकसान सहित कई जगहों पर भाजपा द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। लुकसान मोड़ पर आयोजित कार्यक्रम में उनके चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि के बाद श्रद्धांजलि रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने उन्हें देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रवाद के लिए समर्पित महान नेता बताया। नागराकाटा में विधायक पूना भेंगरा के नेतृत्व में भी कार्यक्रम हुआ, जहां सुलका मोड़ से नंदू मोड़ तक शोभायात्रा निकाली गई। इसके अलावा क्षेत्र के कई स्कूलों में भी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

वहीं कालियागंज में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए एक चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में रायगंज के सांसद एवं कालियागंज नगर पालिका के प्रमुख कार्तिक चंद्र पाल तथा राज्य के शिक्षा और दमकल विभाग के राज्य मंत्री कौशिक चौधरी उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष अपूर्व राय, मोहित बरण कुंडु, प्रदीप साहा, संतोष बेंगली, गौरांग सूत्रधार, मम्पी सिंह, बाबलू विश्वास सहित युवा मोर्चा के कई नेता-कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

इस्लामपुर के रामगंज क्षेत्र-1 के भाजपा कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तस्वीर पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि दी गई | नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्रवादी विचारों और देश की एकता में योगदान को याद किया। इसके बाद समाजसेवा कार्यक्रम के तहत रामगंज अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच पानी और फल वितरित किए गए। साथ ही सड़क किनारे रहने वाले जरूरतमंद लोगों को भी फल और पानी दिया गया। कार्यक्रम में इस्लामपुर मंडल-1 के उपाध्यक्ष लोकनाथ बसाक, परेश बसाक, रूमा साहा दास सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद हुए ।

कूचबिहार में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर जिला प्रशासन की ओर से उत्सव ऑडिटोरियम हॉल में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उनके जीवन और योगदान पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर स्वामी विशाखानंद महाराज, जिला अधिकारी जितिन यादव, पुलिस अधीक्षक जसप्रीत सिंह और विधायक अजय राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। भाजपा युवा मोर्चा की ओर से कूचबिहार क्लब में रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन मंत्री मालती राभा राय ने किया। विधायक अजय राय ने भी रक्तदान किया।

SCROLL FOR NEXT