सिलीगुड़ी: मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को फ्रंटियर मुख्यालय, सिलीगुड़ी में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन फ्रंटियर सिलीगुड़ी के महानिरीक्षक वंदन सक्सेना की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान उपमहानिरीक्षक ए.के.सी. सिंह भी मौजूद रहे।28 से 30 अगस्त तक चलने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के तहत फ्रंटियर मुख्यालय और 41वीं बटालियन के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में अधिकारियों और एसएसबी जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। खेल गतिविधियों के माध्यम से जवानों में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।आयोजकों ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस केवल खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने का अवसर नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और अनुशासन के महत्व को समझाने का भी माध्यम है। इस दौरान जवानों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में अपनी प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन किया।