सिलीगुड़ी

12 फरवरी को देश में आम हड़ताल, राज्य में औद्योगिक हड़ताल

नए 4 लेबर कोड व किसान-मजदूर विरोधी कानूनों को रद करने की मांग

सिलीगुड़ी : केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) की ओर से आगामी गुरुवार 12 फरवरी को देश भर में आम हड़ताल एवं पश्चिम बंगाल राज्य में औद्योगिक हड़ताल का आह्वान किया गया है। उसके समर्थन में रविवार को केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं ऑल इंडिया कृषक सभा की दार्जिलिंग जिला इकाईयों की ओर से संयुक्त रूप में शहर में विशाल जुलूस निकाला गया। कंचनजंघा स्टेडियम के सामने से शुरू हुए इस जुलूस में शामिल लोगाें ने शहर के प्रमुख मार्गों का परिभ्रमण किया। इस दौरान बैनर, पोस्टर व प्लेकार्ड प्रदर्शित करते हुए एवं नारेबाजी करते हुए जहां केंद्र की भाजपा नीत मोदी सरकार को जम कर कोसा वहीं आम लोगों से आम जनहित में उपरोक्त हड़ताल को सफल बनाने की अपील की।

इस अवसर पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए ऑल ट्रेड यूनियन एंड फेडेरेशन के संयोजक गौतम घोष ने कहा कि, केंद्र की मोदी सरकार ने देश के 29 श्रम कानूनों को चार संहिताओं में समेकित कर लगभग 80 प्रतिशत मजदूरों को कानूनी व सामाजिक सुरक्षा से वंचित कर दिया है। नया श्रम कोड केवल और केवल बड़े पूंजीपतियों को ही लाभ पहुंचाने वाला है। उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उसे रद किया जाना चाहिए। वहीं, विद्युत (संशोधन) विधेयक-2025 और परमाणु ऊर्जा (संशोधन) विधेयक को भी रद किया जाना चाहिए। क्योंकि, इन विधेयकों से बिजली उत्पादन और वितरण का निजीकरण होगा। उससे किसानों और छोटे उपभोक्ताओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

उन्होंने बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के प्रस्ताव को भी रद करने, किसानों की फसलों के लिए वैधानिक न्यूनतम समर्थन मूल्य सुनिश्चित करने, प्रस्तावित बीज विधेयक को रद करने और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को उसके मूल स्वरूप में वापस बहाल करने की भी मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि, अभी जो भारत सरकार ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील की है वह पूरी तरह भारतीय किसानों के हितों के विरुद्ध है। उक्त डील में अमेरिका के लोगों को भारत में कृषि व्यापार करने की छूट दी गई है। ऐसा हुआ तो भारतीय किसान व उनकी फसल का क्या होगा? वे तो पहले से ही बर्बाद हैं, अब और बर्बाद हो जाएंगे। इन्हीं तमाम मुद्दों व मांगों को लेकर केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) की ओर से आगामी गुरुवार 12 फरवरी को देश भर में आम हड़ताल एवं पश्चिम बंगाल राज्य में औद्योगिक हड़ताल का आह्वान किया गया है।

इस दिन जुलूस में सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीआईटीयू), ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एआईटीयूसी), इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (आईएनटीयूसी), ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (एआईसीसीटीयू), यूटीयूसी, आईएफटीयू, टीयूसीसी, 12 जुलाई कमेटी एवं ऑल इंडिया कृषक सभा व अन्य ट्रेड यूनियनों के समर्थक सम्मिलित रहे।

SCROLL FOR NEXT