मालदह ः उत्तर मालदह से भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर हुए हमले के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। पहले सांसद खगेन मुर्मू की सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय बलों के दो जवानों के पास था। अब सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाकर 11 कर दी गई है। इसके साथ ही सांसद के घर पर भी उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अगर कोई सांसद के घर पर उनसे मिलने जाना चाहेगा तो सुरक्षाकर्मी पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही उसे घर में प्रवेश करने देंगे।
इधर, सांसद खगेन मुर्मू को 19 दिनों की चिकित्सा के बाद बीते शनिवार को सिलीगुड़ी के निजी अस्पताल से छुट्टी मिल गई। अभी वह मालदह स्थित अपने घर पर अपने परिवार के साथ हैं। हालांकि, अभी भी वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हुए हैं। डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल बातचीत करने से मना किया है। बताया जाता है कि उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के एम्स अस्पताल जाने की सलाह दी गई है।
उल्लेखनीय है कि सांसद खगेन मुर्मू सिलीगुड़ी के निजी अस्पताल में चिकित्सा के बाद ुट्टी मिलने पर शनिवार रात सड़क मार्ग से मालदह अपने घर पहुंचे। उनकी पत्नी मंजू किस्कू ने बताया कि डॉक्टरों ने खगेन मुर्मू को डेढ़ महीने तक पूरी तरह आराम करने को कहा है। बातचीत करने की मनाही है। उनकी एक आंख में अभी भी धुंधलापन है। जबड़े और दांतों में दर्द है। डॉक्टरों ने उन्हें खूब सारा तरल पदार्थ पीने की सलाह दी है। उन्हें कुछ दिनों में दिल्ली एम्स ले जाया जाएगा।
याद रहे कि बीते 4-5 अक्टूबर को भारी बारिश से उत्पन्न बाढ़ का 6 अक्टूबर को जायजा लेने जाने के दौरान डूआर्स के नागराकाटा में उन पर व उनके साथ रहे सिलीगुड़ी भाजपा विधायक शंकर घोष पर स्थानीय लोगों ने हमला किया था जिसमें वे जख्मी हो गए थे। शंकर घोष तो दो-तीन बाद स्वस्थ हो कर छुट्टी पा गए लेकिन खगेन मुर्मू को पूरे 19 दिनों के बाद बीते शनिवार को छुट्टी मिली। अभी वह मालदह स्थित अपने घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।