सिलीगुड़ी

माल नदी में कचरा फेंकने पर विधायक ने जताई चिंता

Khodija Khatun (Rabia)

नागराकाटा : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर मालबाजार शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को विधायक शुक्रा मुंडा ने सुलभ चेतना पंचरत्न छठ पूजा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान पूजा कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे। उन्होंने विधायक को घाट की साफ-सफाई और निर्माण कार्यों की तैयारियों की जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने छठ पूजा के मद्देनजर घाट निर्माण तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान माल नदी में कचरा फेंके जाने की समस्या भी सामने आई। इस पर विधायक ने समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

शुक्रा मुंडा ने कहा कि नदी को स्वच्छ बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से माल नदी में कचरा नहीं फेंकने और नदी तथा उसके आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर विधायक ने सभी को छठ महापर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पर्व को श्रद्धा, उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की कामना की। छठ पूजा को देखते हुए घाट की साफ-सफाई, निर्माण कार्य और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने की तैयारियां जारी हैं।

SCROLL FOR NEXT