मिरिक: निकॉन पश्चिम बंगाल ने मिरिक फोटोग्राफी क्लब और मिरिक कॉलेज फोटोग्राफी क्लब के सहयोग से मिरिक के एक होटल में निकॉन उत्पाद प्रदर्शनी सह कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच फोटोग्राफी की शिक्षा को बढ़ावा देना और मिरिक में फोटोग्राफी की संस्कृति को और मजबूत करना था। कार्यशाला में विद्यार्थियों, कॉलेज के प्रोफेसरों व कर्मचारियों, फोटोग्राफी के शौकीनों तथा स्थानीय फोटोग्राफी समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान निकॉन का हाल ही में लॉन्च हुआ निकॉन जेड आर सिनेमा लाइन कैमरा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतिभागियों को प्रत्यक्ष प्रदर्शन के माध्यम से कैमरे के फीचर्स, क्षमताओं तथा प्रोफेशनल फिल्ममेकिंग और सिनेमैटोग्राफी में इसके इस्तेमाल की जानकारी दी गई। इसके अलावा आधुनिक फोटोग्राफी और सिनेमैटोग्राफी में बदलती तकनीक तथा उसके इस्तेमाल को लेकर भी प्रतिभागियों के साथ जानकारी और अनुभव साझा किए गए। मिरिक कॉलेज के विद्यार्थियों और प्रोफेसरों ने कार्यशाला में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। उन्हें निकॉन टीम के साथ सीधे संवाद करने तथा प्रोफेशनल फोटोग्राफी और सिनेमैटोग्राफी में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और तकनीक की व्यावहारिक जानकारी हासिल करने का अवसर मिला। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और विजुअल स्टोरीटेलिंग के तकनीकी एवं रचनात्मक पहलुओं को समझने का अवसर भी मिला। आयोजकों ने कहा कि युवा पीढ़ी में फोटोग्राफी को केवल मनोरंजन या शौक तक सीमित रखने के बजाय इसे शिक्षा, रचनात्मकता, डॉक्यूमेंटेशन और विजुअल स्टोरीटेलिंग के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में विकसित करने की जरूरत है।