मिरिक : शैक्षणिक प्रगति के साथ सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों में भी मिरिक कॉलेज लगातार अपनी पहचान बना रहा है। वर्ष 2000 में स्थापित इस कॉलेज ने 26 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस दौरान कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
इसी क्रम में दार्जिलिंग सरकारी महाविद्यालय के राइटर्स क्लब की ओर से आयोजित अंतरमहाविद्यालय प्रतियोगिता में मिरिक कॉलेज के विद्यार्थियों ने एकल नृत्य और कविता वाचन, दोनों प्रतियोगिताओं में दूसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन दार्जिलिंग सरकारी महाविद्यालय में किया गया था। इसमें साउथफील्ड कॉलेज, सेल्सियन कॉलेज सोनादा, कर्सियांग कॉलेज, दार्जिलिंग सरकारी महाविद्यालय, घूम-जोरबंगलो कॉलेज और मिरिक कॉलेज समेत छह कॉलेजों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
मिरिक कॉलेज की पांचवें सेमेस्टर की छात्रा सुरवी चाहर ने एकल नृत्य प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, पांचवें सेमेस्टर की छात्रा निकुंजा थापा ने कविता वाचन प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में मिरिक कॉलेज का प्रतिनिधित्व प्रो. निमू शेर्पा और प्रो. दीपांजलि लामा ने किया।