सिलीगुड़ी : प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण जागरुकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'एई प्रोजन्मो' नामक संगठन द्वारा आयोजित एक विशाल पदयात्रा रविवार तराई स्कूल से शुरू होकर सेवक मोड़ तक संपन्न हुई। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और विशेष रूप से छोटे-छोटे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चे हाथों में रंग-बिरंगे बैनर और पोस्टर लेकर चल रहे थे, जिन पर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के महत्व को लेकर संदेश लिखे हुए थे। इस अवसर पर सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष भी पदयात्रा में शामिल हुए और उन्होंने प्रतिभागियों को हौसला देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
पदयात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने जोर-जोर से नारे लगाए और आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस कार्यक्रम ने सिलीगुड़ी में पर्यावरण बचाने के संदेश को मजबूती प्रदान की और यह साफ संदेश दिया कि छोटे-छोटे कदम भी बड़े बदलाव की दिशा में योगदान कर सकते हैं। कार्यक्रम आयोजकों का कहना है कि इस तरह की पहल बच्चों और युवाओं में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक प्रतिबद्धता को बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। शंकर घोष ने इस मौके पर कहा कि प्रकृति हमारी जीवनरेखा है। बच्चों का उत्साह और उनकी भागीदारी यह दर्शाती है कि आने वाली पीढ़ी अपने पर्यावरण के प्रति सजग और जागरूक है। हमें सभी को मिलकर अपनी धरती की रक्षा करनी होगी।