गंगटोक : सिक्किम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों में जागरूकता बढ़ाने और प्रकृति के साथ उनके जुड़ाव को मजबूत करने के उद्देश्य से वन एवं पर्यावरण विभाग ने अपने प्रमुख कार्यक्रम ‘मेरो रुख, मेरो सन्तति’ के तहत बाल दिवस 2026 के अवसर पर राज्यव्यापी विशेष गतिविधियां शुरू की हैं।
इस संबंध में आज वन सचिवालय के ट्रागोपन हॉल में विभाग की ओर से एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें मुख्य वन संरक्षक (मुख्यालय) कर्मा लेग्शे डी ने अभियान के तहत राज्यभर में संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इन विशेष पहलों का मुख्य उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना और उन्हें प्रकृति तथा पेड़ों के महत्व से परिचित कराना है।
अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन, सिक्किम शिशु समृद्धि योजना के अंतर्गत पासबुक वितरण, स्वच्छता अभियान तथा वन संबंधी गतिविधियों पर जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विशेष रूप से जंगलों में आग लगने की आशंका वाले क्षेत्रों में वन संरक्षण और अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है।
कर्मा लेग्शे ने बताया कि इन कार्यक्रमों की शुरुआत 12 नवम्बर से हुई है और यह १४ नवम्बर तक जारी रहेंगे। बाल दिवस के अवसर पर इन गतिविधियों का समापन होगा। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी और भावना को प्रोत्साहित करना विभाग का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने आगे बताया कि विभाग ने राज्यभर में 37 प्रस्तावित स्थलों की पहचान की है, जहां इन गतिविधियों के माध्यम से कुल 620 लाभार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विभाग के अनुसार, बाल दिवस के अवसर पर आयोजित ये विशेष कार्यक्रम ‘मेरो रुख, मेरो सन्तति’ अभियान को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इसके माध्यम से बच्चों को पेड़ों, वनों और जैव विविधता के महत्व से परिचित कराने के साथ पर्यावरण संरक्षण तथा टिकाऊ जीवनशैली अपनाने के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
विभाग का मानना है कि बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित कर भविष्य की पीढ़ियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अधिक जागरूक और संवेदनशील बनाया जा सकता है।