मापजोख के दौरान अधिकारी व स्थानीय लोग  
सिलीगुड़ी

3 नंबर गुमटी इलाके में फ्लाईओवर के लिए मापजोख से मचा हंगामा

जलपाईगुड़ी: शहर के 3 नंबर गुमटी इलाके में रेलवे फ्लाईओवर निर्माण को लेकर बुधवार दोपहर उस समय भारी तनाव फैल गया, जब रेलवे द्वारा सड़क और आसपास की जमीन का मापजोख किया गया। कदमतला से 3 नंबर रेलवे लेवल क्रॉसिंग होते हुए पांडापाड़ा रोड के दोनों ओर किए गए सर्वे के दौरान कई दुकानों, घरों, डॉक्टर के चैंबर और अन्य प्रतिष्ठानों के बड़े हिस्से प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय दुकानदार परितोष मल्लिक ने कहा कि मापजोख के अनुसार उनकी दुकान का बड़ा हिस्सा प्रभावित हो सकता है, जिसे वे स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर का समर्थन है, लेकिन व्यापार को नुकसान पहुंचाकर नहीं। वे व्यापारिक संगठन से भी संपर्क करेंगे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पार्क मोड़ से लेकर रेलवे क्रॉसिंग तक कई घरों, दुकानों और कार्यालयों के बड़े हिस्से के प्रभावित होने की आशंका है, जिससे क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासी शंकर दास ने कहा कि फ्लाईओवर तो जरूरी है, लेकिन लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही और आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इस मामले पर सांसद डॉ. जयंत रॉय ने कहा कि फ्लाईओवर जनता की सुविधा के लिए बनाया जा रहा है और मापजोख को लेकर उत्पन्न स्थिति की जांच की जाएगी। जिला शासक संदीप घोष ने बताया कि रेलवे ने फ्लाईओवर निर्माण के लिए मापजोख को लेकर प्रशासन से सहयोग मांगा है और प्रशासन सहयोग कर रहा है।

SCROLL FOR NEXT