गेजिंग: पश्चिम सिक्किम के युकसाम क्षेत्र में 18 सितंबर की रात हुई भारी बारिश के बाद मंगताबोंग गांव में भूस्खलन से 12 परिवार प्रभावित हुए हैं। हादसे में कई मकानों, झोपड़ियों और पशुधन को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देते हुए 2,70,400 की सहायता राशि वितरित की है।युकसाम के उपमंडलाधिकारी की रिपोर्ट के अनुसार, 07-युकसाम-डुबदी ग्राम पंचायत इकाई के छोंग दुब्दी वार्ड स्थित मंगताबोंग में भूस्खलन से एक पक्का मकान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। कई पक्के और कच्चे मकानों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। प्रभावित परिवारों को तिरपाल भी उपलब्ध कराए गए हैं।
सिरु डारा में राहत शिविर
मंगताबोंग के सिरु डारा में तीन प्रभावित परिवारों के लिए राहत शिविर बनाया गया है। यहां फिलहाल 17 लोग रह रहे हैं। प्रशासन ने शिविर में 30 किलो चावल, 5 किलो दाल, 2 लीटर खाद्य तेल, 7 किलो आलू, बिजली के तार, दो बल्ब, मोमबत्तियां और 5 किलो चिउड़ा समेत जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई है।अस्पताल डांडा खोल्सा से आए तेज बहाव के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और कर्मचारियों के आवासीय परिसर में पानी भर गया। इसके स्थायी समाधान के लिए गेजिंग जिलापाल ने निकटवर्ती झोरा से जोड़ते हुए क्रॉस-सेक्शन नाले के निर्माण का प्रस्ताव दिया है। इसे ग्रामीण विकास विभाग, युकसाम के तहत ग्रामीण रोजगार योजना के साथ अभिसरण के माध्यम से कराने का प्रस्ताव है।
ढलान को मजबूत करने की तैयारी
प्रभावित ढलान को स्थिर करने और आसपास के मकानों की सुरक्षा के लिए गैबियन दीवारों समेत अन्य सुरक्षात्मक कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। प्रशासन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यक राहत एवं पुनर्स्थापन कार्य जारी रहेंगे।