इस्लामपुर : इस्लामपुर के बाबूपाड़ा इलाके में गुरुवार को एक घर में भीषण आग लगने के बाद गैस सिलेंडर फटने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके की तेज आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर उसे उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार दिन में परिवार के लोगों ने अचानक घर में आग लगी देखी। देखते ही देखते आग फैलने लगी, जिसके बाद घर के सदस्य और पड़ोसी आग बुझाने के लिए दौड़े। इस दौरान रसोई में रखे गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई।
आग की तपिश बढ़ने पर सिलेंडर फटने की आशंका के बीच एक युवक रसोई से सिलेंडर निकालने की कोशिश करने लगा। बताया गया है कि सिलेंडर निकालने के दौरान अचानक तेज आवाज के साथ धमाका हो गया। इसकी चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर इस्लामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
वहीं, दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। कुछ ही देर बाद दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया और उसे आसपास के इलाकों में फैलने से रोक दिया। आग की घटना में घर के कई हिस्सों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो सका है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। घटना के बाद बाबूपाड़ा इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।