अलीपुरदुआर : उत्तर बंगाल में लगातार हो रही बारिश का असर अब तोर्षा नदी पर भी दिखने लगा है। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है, जिससे अलीपुरदुआर जिले के कई निचले इलाकों में चिंता का माहौल बन गया है। हालांकि फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन नदी किनारे रहने वाले लोग भय और अनिश्चितता के बीच दिन काट रहे हैं। विशेष रूप से अलीपुरदुआर एक नंबर ब्लॉक के शालकुमार क्षेत्र और भूटान सीमा से सटे जॉयगांव इलाके के तोर्षा किनारे बसे लोगों में सबसे अधिक चिंता देखी जा रही है। इन इलाकों के निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ घंटों से नदी का बहाव काफी तेज हो गया है। शालकुमार इलाके के निवासियों ने कहा कि अगर बारिश इसी तरह जारी रही तो निचले हिस्सों में पानी घुसने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। मौजूदा स्थिति में डर से नदी किनारे के गांव में बसे कई परिवार घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंच रहे हैं।
वहीं स्थानीय पंचायतों की ओर से लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे फिलहाल नदी के पास न जाएं। साथ ही, छोटे पुलों से आने-जाने में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। अलीपुरदुआर जिला परिषद के सह सभाधीपति मनोरंजन दे ने बताया कि स्थिति पर हमारी नज़र बनी हुई है। यदि जलस्तर और बढ़ता है तो प्रशासन पूरी तरह तैयार है। ज़रूरत पड़ने पर राहत और बचाव दल को तुरंत सक्रिय किया जाएगा। हर तरह की परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क और तैयार है। इधर क्षेत्र की मौजूदा स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने ब्लॉक कार्यालयों और ग्राम पंचायतों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, बाढ़-प्रवण क्षेत्रों में राहत केंद्रों को तैयार रखने के आदेश भी जारी किए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 48 घंटे तक उत्तर बंगाल के अलीपुरदुआर, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।