अलीपुरदुआर : डुआर्स क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथी के हमले से मौत की घटना सामने आई है। अलीपुरदुआर जिले के कुमारग्राम ब्लॉक के संकोष चाय बागान इलाके में हाथी के हमले में फिर एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक व्यक्ति का सानिया उरांव है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, संकोष चाय बागान के निवासी सानिया उरांव सोमवार सुबह चार अन्य लोगों के साथ संकोष बीट के जंगल में गए थे। आदिवासी समुदाय की परंपरा के अनुसार, वे पूजा-अर्चना करने और कंद-मूल एकत्र करने जंगल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि चाय बागान के एक युवक की शादी तय है और विवाह से जुड़े विशेष रीति-रिवाजों के लिए कंद-मूल लाना आवश्यक था। इसी परंपरा को निभाने के लिए ये पांचों लोग जंगल गए थे। जंगल में पूजा के लिए कंद-मूल एकत्र करने के दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां आ गया।
हाथी को देखकर सभी लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। चार लोग किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे, लेकिन सानिया उरांव भाग नहीं सके। तभी हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना के बाद से संकोष चाय बागान और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात काफी बढ़ गया है। आए दिन जंगली हाथी गांव में भी घुस आ रहा है और ग्रामीणों को नुकसान पहुंचा रहा है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से पीड़ित परिवार के लिए मदद की गुहार लगाई है।